Monday, May 2, 2011

निर्माता बने पूरब


युवा अभिनेता पूरब कोहली निर्माता बन चुके हैं। उन्होंने ओनिर की फिल्म में आई ऐम में मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ निर्माता की जिम्मेदारी भी उठाई है। हालांकि उनका निर्माता बनने का इरादा नहीं था। पूरब कहते हैं, ओनिर जुदा किस्म के निर्देशक हैं। यह बात उन्होंने अपनी पहली फिल्म माई ब्रदर निखिल से साबित कर दी थी। वे मेरे मित्र भी हैं। ओनिर को फिल्म के लिए बजट जुटाने में परेशानी हो रही थी। वे सोशल नेटवर्किग साइट से पैसे इकट्ठा कर रहे थे। मैं उन्हें सपोर्ट करने के लिए इस फिल्म में को-प्रोड्यूसर बन गया। मैं भविष्य में भी ओनिर को सपोर्ट करूंगा। उनके जैसे साहसिक निर्देशक की फिल्म इंडस्ट्री में जरूरत है।

आई ऐम में चार कहानियां हैं। ये आफिया, ओमार, मेघा और अभिमन्यु की हैं। पूरब ने फिल्म में एक मेडिकल स्टूडेंट की भूमिका निभाई है, जो जमशेदपुर से है। पूरब बताते हैं, फिल्म की चारों कहानी बोल्ड हैं। आफिया एक मॉडर्न लड़की की कहानी है, जो बिना शादी किए मां बनने का फैसला करती है। आफिया कहती है कि वह उस आदमी से मिलना चाहती है, जिसके स्पर्म से वह मां बनेगी। मैंने इस कहानी में मीडिल क्लास लड़के सूरज का किरदार निभाया है। उसने मजबूरी में अपना स्पर्म डोनेट किया है।
ओनिर की पहली फिल्म माई ब्रदर निखिल में पूरब काम कर चुके हैं। आई एम में ओनिर द्वारा मिली चुनौती के बारे में वे कहते हैं, ओनिर हमेशा चुनौती देते हैं। वे एक नया किरदार निभाने का मौका देते हैं। माई ब्रदर निखिल के बाद वे अपने ट्रैक से भटक गए थे। उन्होंने दर्शकों की पसंद के हिसाब से बस एक पल और सॉरी भाई फिल्में बनाई, जो नहीं चलीं। आई ऐम से वे अपने पुराने फॉर्म में लौटे हैं। उनकी फिल्म वर्तमान समय के कुछ गंभीर मुद्दों के साथ डील करती है। ओनिर की ग्रोथ के बारे में पूरब कहते हैं, उन्होंने पहली फिल्म में अपना स्टैंडर्ड बहुत ऊंचा बना दिया था। उनसे दर्शकों की उम्मीदें बहुत ज्यादा थीं। वे दबाव में आ गए थे, लेकिन आई ऐम से वे एक नई ऊंचाई पर पहुंच जाएंगे।
पूरब कोहली आई ऐम से जुड़ी एक नई बात बताते हैं कि इस फिल्म में पांच कहानियां हैं। पूरब के अनुसार, शुरू में ओनिर पांच कहानियां फिल्म में रख रहे थे। हम लोग एक कहानी रूद्रा पर काम कर रहे थे। मैं उसमें रूद्रा की भूमिका निभाने वाला था, लेकिन हमने रियलाइज किया कि उस कहानी को बीस मिनट में पेश करना संभव नहीं होगा। वह कहानी भविष्य में एक फिल्म के रूप में आ सकती है। मैं चाहता हूं कि वह कहानी बड़े पर्दे पर आए।
पूरब आजकल भुज की कड़कती गर्मी में गिरीश मलिक की फिल्म जल की शूटिंग कर रहे हैं। पूरब बताते हैं, इस फिल्म की कहानी इतनी अच्छी है कि हम गर्मी बर्दाश्त कर ले रहे हैं। गौरतलब है कि आई ऐम के बाद पूरब की रंगीन मॉकटेल, रेक्टेंगल लव स्टोरी और जल फिल्में प्रदर्शित आएंगी।
-रघुवेंद्र सिंह 

No comments: