Tuesday, December 15, 2009

नहीं रखता पैसों का हिसाब: साइरस ब्रोचा

साइरस ब्रोचा एमटीवी के लोकप्रिय वीजे हैं। वे लोगों को हंसाने की कला में निपुण हैं। कुछ समय पहले उनकी फिल्म 99 प्रदर्शित हुई। उसमें उनका अभिनय सबको पसंद आया। अब उनकी मुंबई चकाचक और फ्रूट ऐंड नट प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। आजकल साइरस फिल्मों पर अपना ध्यान अधिक लगाए हुए हैं। पिछले दिनों उन्होंने हमें मनी यानी पैसे के प्रति अपने नजरिए से अवगत कराया..।
आपके जीवन में पैसों की क्या अहमियत है?
मैं पैसों की अहमियत नहीं जानता। ऐसा इसलिए, क्योंकि मेरा सारा पैसा पापा के पास रहता है।
आपकी पहली कमाई क्या थी?
ग्यारह सौ रुपये, जो मुझे एक विज्ञापन फिल्म में काम करने के लिए मिले थे।
अपने प्रशंसकों को बचत के लिए क्या सुझाव देंगे?
पैसे को खुद से दूर रखें। तभी बचत संभव है।
आपने जीवन में क्या महत्वपूर्ण बचत की है?
सब डूब गया। अब ज्यादा कुछ नहीं है।
सबसे महंगी चीज, जो आपने खरीदी हो?
मुंबई में घर और गाड़ी। इन्हें खरीदने में पैसा कितना खर्च हुआ, वह नहीं बता सकता।
क्या लगता है कि आप आर्थिक रूप से सिक्योर हैं?
मौजूदा स्थिति में कोई भी आर्थिक रूप से सिक्योर नहीं है। अनिल अंबानी भी नहीं।
आपके आय-व्यय का ब्यौरा कौन रखता है?
पापा। मैं पैसों का हिसाब नहीं रखता। दरअसल, मेरा हिसाब कमजोर है।
क्या आप शेयर बाजार में पैसा लगाते हैं?
हां, मैंने लगाया था, लेकिन सब डूब गया।
खरीदारी कैश से करते हैं या क्रेडिट कार्ड से?
यात्रा के दौरान के्र डिट कार्ड साथ रखता हूं। मुंबई में कैश से खरीदारी करता हूं।
प्यार, पैसा और परिवार को किस क्रम में रखना पसंद करेंगे?
पहले परिवार, फिर पैसा उसके बाद प्यार। मैंने प्यार को अंत में इसलिए रखा, क्योंकि अभी तक उसका अनुभव नहीं हुआ है।

No comments: