Monday, March 2, 2009

दिल जीतना चुनौती होगी: शरमन जोशी

शरमन जोशी जल्द ही नए चैनल रीयल पर गेम शो पोकर फेस-दिल सच्चा चेहरा झूठा का संचालन करते नजर आएंगे। शरमन का यह पहला टीवी शो है। वे शो के जरिए प्रत्येक सप्ताह एक भारतीय दर्शक को करोड़पति बनाएंगे। यह क्विज गेम शो है। इसमें जरूरी नहीं है कि प्रतियोगी को हर प्रश्न का जवाब पता हो। यदि प्रतियोगी झूठ बोलना जानता है तो भी वह सात दिनों के अंदर एक करोड़ रुपए जीत सकता है। यही शो की खासियत है। इसमें समाज के हर वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं। मैं इस शो में प्रतियोगियों का उत्साह बढ़ाने के साथ ही दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी करूंगा। मैंने चौदह एपीसोड की शूटिंग कर ली है। मुझे मजा आ रहा है। खुशी की बात यह है कि मुझे शो की बदौलत कुछ नया सीखने का मौका मिल रहा है। उम्मीद है कि बड़े पर्दे से छोटे पर्दे का रूख करने वाले सफल कलाकारों में मेरा नाम लिया जाएगा। मैं भविष्य में और भी शो कर सकता हूं, लेकिन उसमें पोकर फेस की तरह नयापन होना चाहिए।
बीते साल शरमन की दो फिल्में हैलो और सॉरी भाई प्रदर्शित हुईं। वे बॉक्स-ऑफिस पर चली नहीं। उनको इस साल प्रदर्शित होने वाली अपनी फिल्मों तो बात पक्की, अल्लाह के बंदे और थ्री इडियट्स से काफी उम्मीदे हैं। वे कहते हैं, अप्रैल में मेरी फिल्म तो बात पक्की प्रदर्शित होगी। केदार शिंदे निर्देशित वह रोमांटिक कॉमेडी है। उसमें मैं तब्बू के साथ हूं। उसके बाद फारूक कबीर की अल्लाह के बंदे आएगी और साल के अंत में राजकुमार हिरानी निर्देशित थ्री इडियट्स प्रदर्शित होगी। रंग दे बसंती के बाद मैं उस फिल्म में एक बार फिर आमिर खान के साथ हूं। आशा कर रहा हूं कि 2009 मेरे करियर के लिए शुभ होगा।
-रघुवेंद्र सिंह

No comments: