Sunday, January 11, 2009

प्रियंका के नक्शेकदम पर करीना

फैशन और दोस्ताना की कामयाबी के बाद प्रियंका चोपड़ा शीर्ष अभिनेत्रियों के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं। उनकी अदाकारी और हुस्न का ऐसा डंका बजा है कि उनकी चार साल पुरानी दुश्मन करीना कपूर तक उनके नक्शेकदम पर चलने से खुद को नहीं रोक पायी हैं। जी हां, मधुर भंडारकर की फैशन में मॉडल की चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाकर सराहना बटोरने वाली प्रियंका की भांति अब करीना साजिद नाडियाडवाला की अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म कमबख्त इश्क में सुपरमॉडल की भूमिका निभाती नजर आएंगी। हालांकि उनका किरदार प्रियंका के फैशन के किरदार से थोड़ा अलग है।
प्रियंका जहां छोटे शहर से मुंबई मॉडल बनने आती हैं, वहीं करीना अंतरराष्ट्रीय स्तर की मॉडल बनने का संघर्ष करती दिखेंगी। करीना आजकल अपनी भूमिका के लिए खूब मेहनत करने में जुटी हैं। दरअसल, करीना हर हालत में खुद को प्रियंका से बेहतर साबित करना चाहती हैं। वह नहीं चाहतीं कि फिल्म के प्रदर्शन के बाद जब उनकी तुलना उनकी दुश्मन प्रियंका से हो, तो वह किसी भी मामले में कम साबित हों।
यही वजह है कि करीना ने अपने रोल की डिमांड पर अपने चर्चित साइज जीरो तक का त्याग कर दिया है और आजकल वह अपना वजन जोर-शोर से बढ़ाने में जुटी हैं। दिलचस्प बात यह है कि करीना की नजर में प्रियंका एक्ट्रेस नहीं हैं। उन्हें एक्टिंग नहीं आती। वह सिर्फ खूबसूरत गुड़िया भर हैं। यही वजह है कि दर्शक उन्हें देखना पसंद करते हैं। करीना केवल काजोल और खुद को एक्ट्रेस मानती हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि करीना खुद को प्रियंका से बेहतर साबित करने में कितना सफल होती हैं। गौरतलब है कि कमबख्त इश्क में करीना के अपोजिट है अक्षय कुमार। इसकी फिल्म की खास बात है यह है कि द व‌र्ल्ड इज नॉट इनफ से शोहरत हासिल करने वाली बांड गर्ल डेनिस रिच‌र्ड्स एवं हॉलीवुड अभिनेता सिल्वेस्टर स्टायलोन भी संक्षिप्त भूमिका निभा रहे है। यह फिल्म मई में रिलीज होने की संभावना है।
[रघुवेंद्र सिंह]

No comments: